डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर के बाहर बैठी मां और परिवार पर भी गोली चलाने से वे गुरेज नहीं कर रहे हैं। गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में मंगलवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार एक बेखौफ बदमाश ने अमन सिंह के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया।
नशे के विरोध पर वारदात
पीड़ित अमन सिंह के मुताबिक यह पूरी कहानी ड्रग्स और बुरी सोहबत से जुड़ी है। अमन का भाई विक्की सिंह इलाके के ही वीर सिंह पंडित नाम के शातिर अपराधी के साथ उठता-बैठता था और नशे की दलदल में फंस चुका था। अमन ने अपने भाई को सुधरने की नसीहत दी थी और वीर सिंह को भी चेतावनी दी थी कि वह उसके भाई से दूर रहे। इसी बात की खुन्नस में मंगलवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ और वीर सिंह ने खूनी खेल खेलने की कोशिश की।
थाना प्रभारी का बयान: गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। आरोपी वीर सिंह पंडित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और वह जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।

