डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी और इसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को बुधवार को झुलसाने वाली भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह से ही हवा में उमस का स्तर पिछले दिनों की तुलना में काफी कम देखा गया, जिससे लोगों को बेचैनी से मुक्ति मिली।
दोपहर ढाई बजे के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में घने काले बादलों का डेरा शुरू हो गया। देखते ही देखते तीन बजे के बाद चारों ओर अंधेरा छा गया। शाम करीब 4:30 बजे शहर के अलग-अलग हिस्सों में आंशिक बारिश और बूंदाबांदी हुई, जिसने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। हवा में आई इस ताजी नमी के कारण स्थानीय नागरिकों ने भीषण गर्मी के प्रकोप से काफी राहत महसूस की।
आज भी रहेगा अच्छा मौसम, मौसम विभाग का अलर्ट:
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज भी मौसम का यह अच्छा और सुखद मिजाज बना रहेगा। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि गुरुवार को भी थंडरस्क्वॉल की पूरी संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
साप्ताहिक पूर्वानुमान के मुताबिक 28 मई यानी आज से तापमान में और तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, वहीं इस सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आगामी 30 मई तक क्षेत्र में गरज-चमक और आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान लगाया है, जिससे आने वाले दिनों में भी मौसम सुहाना बना रहेगा।

