डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर :झुलसाने वाली भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान जमशेदपुर के लोगों के लिए मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली है कि पूरा शहर कूल-कूल हो गया है। शुक्रवार को अचानक बदले मौसम के मिजाज ने न सिर्फ तापमान का पारा गिरा दिया, बल्कि लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत भी दी है। मौसम विभाग की मानें तो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शहर में शुक्रवार सुबह 10 बजे से ही आसमान में घने काले बादल छाने लगे और 11 बजे होते-होते कई इलाकों में झमाझम और छिटपुट बारिश शुरू हो गई। भले ही बारिश 0.4 मिमी रिकॉर्ड की गई, लेकिन ठंडी हवाओं और हवा में नमी की वजह से दिनभर मौसम सुहाना बना रहा। पार्को और बाजारों में फिर से रौनक लौट आई है।
40° पार जाने वाला पारा लुढ़ककर आया नीचे
पिछले कुछ दिनों से जमशेदपुर का पारा लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार चल रहा था, जिससे लोग बेहाल थे। लेकिन शुक्रवार को हुई इस राहत की बारिश के बाद अधिकतम तापमान सीधे लुढ़ककर 32.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री के आसपास ही सिमटा रहेगा, जिससे लोगों को फिलहाल लू से राहत मिलती रहेगी।
आगे क्या? 3 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट
अगर आप वीकेंड पर बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम का हाल जरूर जान लें।
आज और कल (30 व 31 मई): जमशेदपुर और इसके आसपास के इलाकों में ‘थंडरस्टॉर्म’ की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और वज्रपात की आशंका है।
1 जून: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान अधिकतम 36° और न्यूनतम 26° रहने का अनुमान है।
2 और 3 जून: इन दोनों दिन भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। तापमान 37° से 38° सेल्सियस के बीच बना रहेगा। यानी 3 जून तक गर्मी से राहत जारी रहेगी।
चिंता की बात: केरल तट से अभी दूर है मानसून, लगेंगे 7 दिन
एक तरफ जहां जमशेदपुर में प्री-मानसून गतिविधियों से राहत है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य मानसून को लेकर थोड़ी चिंता बढ़ाने वाली खबर है। मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक इस बार मानसून के आने में थोड़ी देरी हो सकती है।
क्यों अटका मानसून?
आईएमडी के महानिदेशक डॉ. एम महापात्र के अनुसार श्रीलंका के ऊपर कम दबाव वाली तूफानी हवाएं चल रही हैं। इसके चलते मानसून केरल तट से करीब 30-35 किलोमीटर दूर ही रुका हुआ है। अगले दो-तीन दिनों तक इसके आगे बढ़ने के आसार नहीं दिख रहे हैं। ताजा अनुमानों के मुताबिक मानसून को केरल के तट पर दस्तक देने में अभी कम से कम 7 दिन का समय और लग सकता है।

