बिहार के लोगों के लिए अब बस का सफर महंगा होने वाला है। बस से सफर करने वाले लोगों को अब ज्यादा किराया देना पड़ेगा। परिवहन विभाग ने राज्यभर में चलने वाली यात्री बसों के किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। नई किराया दरें 1 जून 2026 से लागू होंगी।
साधारण-डीलक्स और एसी सभी बसों का किराया बढ़ा
बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने बसों में किराया बढ़ोतरी को लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है। इस अधिसूचना में कहा गया है कि जिस तरह से पिछले कुछ समय से डीजल की कीमतें बढ़ी हैं और परिचालन खर्च बढ़ा है, उसे देखते हुए ही किराए का पुनर्निर्धारण किया गया है। सरकार ने साधारण से लेकर डीलक्स और एसी सभी तरह की बसों के किराये में बढ़ोतरी की है।
बढ़ा किराया एक जून से होगा लागू
बढ़ा किराया एक जून से लागू होगा। सरकार ने नया किराया दूरी के आधार पर तय किया है। 50 किमी तक 15%, 100 किमी तक 14%, 150 किमी तक 13%, 200 किमी तक 12%, 250 किमी तक 11% और 300 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर 10% किराया में वृद्धि हुई है।
साधारण बस का नया किराया किताना होगा?
साधारण बसों में 50 किलोमीटर तक यात्रा करने पर प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये किराया लिया जाएगा, जबकि पहले यह 1.50 रुपये था। वहीं, 100 किलोमीटर तक के लिए प्रति किमी 1.71 रुपये तथा 300 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 1.65 रुपये प्रति किलोमीटर किराया निर्धारित किया गया है।
डीलक्स एसी और वॉल्वो में कितना बढ़ा किराया
डीलक्स, डीलक्स एसी और वॉल्वो बसों के किराए में भी वृद्धि हुई है। डीलक्स बस सेवा में 50 किमी तक प्रति किलोमीटर 1.96 रुपये, 100 किमी तक 1.92 और 200 किमी तक 1.89 रुपये प्रति किमी के हिसाब से किराया तय किया गया है। डीलक्स एसी में 50 किमी तक 2.30 रुपये, 100 किमी तक 2.28 तथा 200 किमी तक प्रति किमी 2.24 रुपये किराया लगेगा। वॉल्वो में 50 किमी तक 2.88, 100 किमी तक 2.85, 200 किमी तक 2.80 तथा 300 किमी से अधिक दूरी पर प्रति किमी 2.75 रुपये लगेगा।
सिटी बसों का भी किराया बढ़ा
शहरों में चलने वाली नगरीय बस सेवा में प्रथम चार किलोमीटर के लिए प्रति किमी 1.84 रुपए एवं अगले प्रत्येक दो किलोमीटर के लिए 1.73 रुपये किराया तय किया गया है। पहले यह किराया क्रमशः 1.60 और 1.50 रुपये था।
अधिक किराया लेने पर होगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को निर्देश दिया है कि वे नई किराया सूची को बस स्टैंड और बसों में प्रमुखता से प्रदर्शित करेंगे। इसके अलावा जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वो किराया व्यवस्था की निगरानी करेंय़ यदि कोई बस संचालक तय किराए से अधिक राशि वसूलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

