डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अगर आपके गांव या मोहल्ले में भी कोई अनजान शख्स सोना-चांदी के गहने मुफ्त में या सस्ते में साफ करने का दावा करते हुए घूम रहा है, तो फौरन अलर्ट हो जाएं। झारखंड के पलामू जिले की नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने एक ऐसे ही शातिर संगठित ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो केमिकल और पाउडर के खेल से पल भर में महिलाओं के गहने उड़ा लेता था। पुलिस ने इस मामले में बिहार के रहने वाले 6 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एसिड, बाइक और चोरी के आभूषण बरामद हुए हैं।
सूझबूझ से नाकाम हुई ठगी, रंगेहाथ धरे गए ठग
मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव का है। बुधवार को छतरपुर एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे खेल का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 2 जून को गिरोह के दो सदस्य गांव में घुसे। उन्होंने अनीता देवी नाम की एक महिला को झांसा दिया कि वे चांदी के बर्तनों और गहनों को बिल्कुल नया जैसा चमका देंगे।
पहले तो ठगों ने महिला का विश्वास जीता। इसके बाद चांदी साफ करने के बहाने महिला का सोने का मंगलसूत्र अपने कब्जे में ले लिया। ठगों ने बड़ी चालाकी से असली मंगलसूत्र गायब कर दिया और महिला को कागज की एक पुड़िया थमा दी। उन्होंने महिला से कहा कि इसमें चमत्कारी पाउडर है, इसे कुछ देर बाद खोलना, आपका गहना सूरज की तरह चमक उठेगा।
महिला को कुछ शक हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत शोर मचा दिया। ग्रामीणों की तत्परता और महिला की सूझबूझ से दो आरोपी (प्रिंस और राहुल) मौके पर ही दबोच लिए गए। जब राहुल के बैग की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से महिला का गायब हुआ मंगलसूत्र बरामद हो गया।
बिहार से ऑपरेट हो रहा था ‘केमिकल गैंग’
पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया। यह पूरा गिरोह बिहार का रहने वाला है जो बाइक पर घूम-घूमकर ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाता था।
गिरफ्तार आरोपी
सुपौल जिला (जदिया बाजार): प्रिंस कुमार (20 वर्ष), राहुल कुमार (21 वर्ष), रोहित कुमार (21 वर्ष)
अररिया जिला (रानीगंज): प्रभु कुमार शाह (28 वर्ष), रोहन कुमार (22 वर्ष), अक्षय कुमार (22 वर्ष)
ठगी का सामान और केमिकल बरामद
पुलिस ने इन ठगों के पास से अपराध में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में सामान जब्त किया है।
आभूषण: सोने जैसा दिखने वाला मंगलसूत्र
केमिकल: चांदी साफ करने वाला खास पाउडर और हार्पिक के डिब्बे में छिपाकर रखा गया तेज एसिड (जिससे आभूषणों का वजन भी कम कर दिया जाता था)
गाड़ियां: तीन मोटरसाइकिलें (अपाची BR 50 AF 0397, पल्सर BR 38 AB 0880, और होंडा MH 27 BH 2921, लोहे के दो औजार और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन (माप-तौल के लिए)।
नए कानून (BNS) के तहत दर्ज हुआ केस
पीड़िता अनीता देवी की शिकायत पर पुलिस ने नौडीहा बाजार थाना में कांड संख्या 47/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316(2), 318(4) और 112(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कामयाब ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार, रोहित चौहान, अनुसंधानकर्ता दीपक कुमार और राजेश बैठा मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर अपने कीमती आभूषण उन्हें साफ करने के लिए न सौंपे। यह गिरोह केमिकल में गहनों को डालकर उसकी ऊपरी परत (सोना/चांदी) को गला देता है, जिससे गहनों का वजन घट जाता है या वे उसे बदल लेते हैं।

