मुजफ्फरपुर के गोविंद हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पत्नी ने महिला डॉक्टर के साथ लव एंगल को खोला राज

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मुजफ्फरपुर के चर्चित गोविंद हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मृतक गोविंद की पत्नी रीना उर्फ अंजली ने इसमें लव एंगल दे दिया है। गोविंद शर्मा की पत्नी रीना उर्फ अंजलि ने टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रविवार रात हुई हत्या के बाद दर्ज कराई गई प्राथमिकी में पटना की एक महिला मित्र, एक जमीन कारोबारी और एक कुख्यात अपराधी का नाम शामिल किया गया है।

पत्नी का सनसनीखेज दावा

रीना ने पटना बोरिंग रोड राजापुल के समीप रहने वाली महिला डॉक्टर, गोविंद के पूर्व सहयोगी रणंजय उर्फ ओंकार सिंह और बाबूल चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। गोविंद की पत्नी रीना ने महिला डॉक्टर को गोविंद की प्रेमिका बताते हुए हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी बनाया है। एफआईआर में करोड़ों रुपये के लेन-देन, जमीन कारोबार, फ्लैट, लग्जरी वाहन, सोना, पुराने विवाद और धमकियों सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

संपत्ति विवाद से लेकर प्रेम संबंध तक के आरोप

पत्नी ने बताया कि ओंकार के माध्यम से ही बाबुल चौधरी उनके पति के बिजनेस का साझेदार बना था लेकिन पिछले एक साल से उनके बीच मनमुटाव चल रहा था। इतना ही नहीं पत्नी ने प्रेमिका जैसमीन प्रवीण पर भी गंभीर आरोप लगाए। गोविंद का जैसमीन के साथ प्रेम प्रसंग था और उसने उसे फ्लैट व गाड़ी उपहार में दिए थे। सच्चाई सामने आने पर जब गोविंद ने प्रेमिका से दूरी बनाकर अपने सामान वापस मांगे तो विवाद बढ़ गया। पत्नी का आरोप है कि संपत्ति विवाद, कारोबारी दुश्मनी और प्रेम संबंधों में पैदा हुए टकराव के कारण तीनों ने मिलकर गोविंद की हत्या करवाई।

महिला मित्र पर ओंकार-बाबुल के साथ साजिश रचने का आरोप

पत्नी रीना उर्फ अंजलि ने आरोप लगाया है कि ओंकार सिंह, बाबूल चौधरी और महिला डॉक्टर ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर अज्ञात शूटरों के माध्यम से आइकॉन टावर में गोविंद की हत्या करवाई। एफआईआर के अनुसार, सुनियोजित तरीके से गोविंद को घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मारी गईं और उसकी हत्या कर दी गई।

चर्चा में बाबुल चौधरी का नाम

वहीं, गोविंद शर्मा की हत्या के अगले दिन सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में कथित तौर पर कुख्यात बाबुल चौधरी हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करता सुनाई दिया था। हालांकि पुलिस ने अभी तक वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन अब मृतक की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में भी बाबुल चौधरी का नाम सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

Share This Article