​जमशेदपुर बनेगा नया एजुकेशन हब: सिदगोड़ा प्रोफेशनल कॉलेज में शुरू होंगे रोबोटिक्स और AI जैसे मॉडर्न कोर्सेज

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड के युवाओं के लिए एक बेहद शानदार और बड़ी खबर है। सिदगोड़ा स्थित प्रोफेशनल कॉलेज में अगले शैक्षणिक सत्र से इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि यहां छात्रों को सिर्फ पारंपरिक इंजीनियरिंग ही नहीं, बल्कि आज के दौर के सबसे डिमांडिंग और हाईटेक कोर्सेज जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की शिक्षा भी मिलेगी। झारखंड सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए यह साफ कर दिया है कि वह इस महत्वाकांक्षी कॉलेज को किसी निजी हाथों (पीपीपी मोड) में सौंपने के बजाय खुद (सरकारी स्तर पर) संचालित करेगी।

उच्च शिक्षा सचिव ने कहा कि पूरी फुलप्रूफ तैयारी के साथ शुरू होगा सत्र।
​झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार ने इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की एक उच्च स्तरीय टीम ने सिदगोड़ा प्रोफेशनल कॉलेज का बारीकी से निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि चोरों ने कॉलेज के लाखों-करोड़ों रुपये के संसाधनों और विद्युत ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। अब सरकार नए सिरे से इस पूरे भवन और इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करने जा रही है। सचिव राहुल पुरवार के मुताबिक इसमें थोड़ा समय और बजट जरूर लगेगा, लेकिन पूरी फुलप्रूफ तैयारी के साथ अगले सत्र से यहां हर हाल में पठन-पाठन का काम शुरू कर दिया जाएगा। सरकार इसके संचालन को लेकर बेहद गंभीर है।

फैकल्टी और विजिटिंग प्रोफेसरों की होगी बहाली, जल्द जारी होगा बजट
​कॉलेज में विश्वस्तरीय शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर भी खाका तैयार कर लिया है।
शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति: अगले शैक्षणिक सत्र से शुरुआत करने के लिए जल्द ही प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।
अनुबंध पर बहाली: कॉलेज में बेहतर पढ़ाई के लिए अनुबंध (Contract) के आधार पर योग्य फैकल्टी और देश-विदेश के ‘विजिटिंग प्रोफेसरों’ की बहाली की जाएगी।
जीर्णोद्धार के लिए विशेष बजट: चोरी हो चुकीं खिड़कियां, दरवाजे, तांबे के तार, ट्रांसफॉर्मर और लैब उपकरणों को नए सिरे से स्थापित करने और जर्जर भवन को चमकाने के लिए शिक्षा विभाग जल्द ही विशेष बजट जारी करने जा रहा है।

महिला विश्वविद्यालय की मांग पर अभी अंतिम निर्णय बाकी
​इस बीच जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) इला कुमार ने सरकार से मांग की थी कि सिदगोड़ा स्थित यह भवन महिला विश्वविद्यालय को सौंप दिया जाए। उन्होंने तर्क दिया था कि महिला विश्वविद्यालय में इसी सत्र से बीटेक की पढ़ाई शुरू हुई है, ऐसे में छात्राओं के हित में प्रोफेशनल कोर्सेज के संचालन के लिए यह भवन उन्हें मिलना चाहिए। हालांकि सरकार की मंशा इस कॉलेज को खुद एक स्वतंत्र प्रोफेशनल कॉलेज के रूप में चलाने की है। उच्च अधिकारियों के समक्ष यह मांग रखी गई है, लेकिन फिलहाल इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

Share This Article