पटना में दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई ने नया मोड़ ले लिया है। खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर
पुलिस ने उनके खिलाफ फायरिंग और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। बताया जा रहा है कि कोचिंग कैंपस में हुए हंगामे, वायरल वीडियो और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इस घटनाक्रम के बाद मामला और गंभीर हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान किसकी क्या भूमिका रही।
एफआईआर दर्ज होने के बाद क्या बोले खान सर?
एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर मीडिया के सामने आए और अपनी बात रखी। खान सर ने कहा कि वीडियो में जो गार्ड गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा, उसने गोली सेल्फ डिफेंस में चलाई होगी। उस सिचुएशन में क्या हालात बने, उसके हिसाब से गार्ड की ओर से फायरिंग की गई होगी। फायरिंग उनकी जानकारी में नहीं थी।
जांच में सहयोग का दिया भरोसा
खान सर ने कहा कि वह कानून और पुलिस प्रशासन का पूरा सम्मान करते हैं। जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच में पुलिस को जो भी जानकारी या सहयोग चाहिए होगा, वह उपलब्ध कराएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि सच सामने आने का इंतजार किया जाना चाहिए और जांच पूरी होने दी जानी चाहिए।
पुलिस हिरासत में खान सर के दो गार्ड
इसके पहले पुलिस ने खान सर की संस्था के दो सुरक्षा गार्डों को फायरिंग के आरोप में हिरासत में लिया था। पुलिस ने ये कार्रवाई मंगलवार की रात कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद की गई। पुलिस को जांच के दौरान एक वीडियो मिला, जिसमें गार्ड कोचिंग संस्थान के बाहर हवाई फायरिंग कर रहा था।
क्या है पूरा विवाद ?
इस पूरे विवाद की स्क्रिप्ट 27 मई को तब लिखी गई, जब बिहार पुलिस भर्ती का रिजल्ट सामने आया। रिजल्ट आने के बाद ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के फैजल खान और ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के निदेशक रौशन आनंद, दोनों ने ही अपने-अपने संस्थानों से सबसे ज्यादा छात्रों के कामयाब होने के दावे ठोक दिए। दोनों पक्षों की ओर से सफल अभ्यर्थियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किए गए और पटना में बढ़-चढ़कर पोस्टर-बैनर लगाए गए। आरोप है कि कुछ लोगों ने कदमकुआं स्थित कैंपस में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के पोस्टर को फाड़ दिया। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगाय़ इसके बाद खान ग्लोबल स्टडीज कैंपस में ईंट-पत्थर फेंके जाने, होर्डिंग तोड़ने और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की घटना सामने आई।
दो कोचिंग संस्ताओं का विवाद पहुंचा थाने तक
इस मामले में खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद सहित चार लोगों को नामजद और करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मालमे में कार्रवाई करते हुए रौशन आनंद और इनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद गुरुवार को ज्ञान बिंदू कोचिंग संस्थान के सदस्यों की ओर से एक वीडियो जारी करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर ने स्वयं इस घटना की साजिश रची थी। उनके गार्डों ने फायरिंग की। इसी वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने गुरुवार को जांच के बाद आज प्राथमिकी दर्ज की है।

