पटना में खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कदमकुआं थाने में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। खान सर के गार्ड्स ने पुलिस को बयान दिया है कि उन्होंने हमें कहा तुम गोली चलाओ बाकी हम देख लेंगे। इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ FIR दर्ज की है। अब पुलिस गे की कार्रवाई में जुट गई है।
खान की गिरफ्तारी के लिए बनी 3 टीमें
सूत्रों के मुताबिक, फैजल खान उर्फ खान सर की गिरफ्तारी को लेकर पटना पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है। इन टीमों को विभिन्न संभावित ठिकानों पर जांच और छापेमारी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ गवाहों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस ने क्या बताया?
इधर, पटना पुलिस ने खान सर कोचिंग विवाद मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा अपडेट दिया। पुलिस के मुताबिक 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसकी जांच चल रही है। जांच के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें घटना के बाद दो लोग हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। वीडियो सत्यापन के बाद खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त कर लिए हैं और एफएसएल जांच कराई जा रही है। आगे की कार्रवाई जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
पटना पुलिस की अपील
पटना पुलिस ने खान सर कोचिंग विवाद मामले में छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि कोचिंग संस्थानों के बीच चल रही प्रतिस्पर्धा में छात्र किसी के बहकावे में न आएं। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से भी सतर्क रहने को कहा गया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी कार्रवाई होगी, वह उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
क्या है एफआईआर में?
इधर, खान सर कोचिंग फायरिंग मामले में पुलिस के एफआईर की कॉपी सामने आई है। पुलिस की ओर से की गई प्राथमिकी में लिखा हुआ है कि दिनांक, 4 जून, 2026 को थाना सनहा संख्या 206/28, के आलोक में समय करीब साढ़े 9 बजे थाना के पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ओझा, पवन कुमार के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फोटो की सत्यता की जांच कराई। लोगों ने बताया कि वीडियो और फोटो में दिख रहे दोनों व्यक्ति खान सर के सुरक्षा गार्ड हैं। उनके द्वारा राइफल से चार राउंड गोली, जिसमें दोनों कर्मियों द्वारा दो- दो राउंड गोली फायरिंग करते हुए देखा गया है। फायरिंग कर रहे दोनों व्यक्ति के पहचान के लिए खान सर से संपर्क किया गया। फोटो में दिख रहे दोनों व्यक्ति का पहचान करवाया गया। खान सर ने बताया कि दोनों मेरे निजी सुरक्षा गार्ड हैं। पुलिस की ओर से दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार, दोनों सुरक्षा गार्ड को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। दोनों सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की गई। गार्ड्स ने बताया कि 2 जून की रात करीब साढ़े दस बजे रात में कुछ लोग उग्र होकर खान एकेडमी के बाहर आया। सुरक्षागार्ड के साथ मारपीट किया। उसके बाद गेट का बैनर फाड़ने लगा। हम लोग दोनों सुरक्षा कर्मी जब बाहर आए, तब देखे कि गेट पर भीड़ लगी हुई है। लोग उग्र होकर हल्ला कर रहे हैं। खान सर उर्फ फैजल खान और उनके एक अज्ञात सहकर्मी हम दोनों सुरक्षाकर्मी से बोले कि देख क्या रहे हो भीड़ पर अविलंब फायर करो, जो होगा मैं समझ लूंगा।

