डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई ‘टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड’ के कर्मचारियों के लिए एक बेहद शानदार खबर आई है। कंपनी में लंबे समय से अटका हुआ वेतन समझौता आखिरकार शुक्रवार को फाइनल हो गया है। इस नए समझौते के बाद कर्मचारियों की सैलरी में भारी इजाफा होने जा रहा है, जिससे लगभग 880 कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
7 साल के लिए हुआ समझौता, दो श्रेणियों में बंपर फायदा
कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच हुआ यह नया वेतन समझौता अगले सात वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। खास बात यह है कि कंपनी ने पुराने और नए दोनों ही कैडर के कर्मचारियों का ख्याल रखा है। चूंकि दोनों श्रेणियों के समझौते अलग-अलग समय से लंबित थे, इसलिए इसे दो अलग आधारों पर लागू किया गया है।
पुराने कर्मचारी: इनका समझौता 1 जनवरी 2024 से लंबित था। अब इनके वेतन में हर महीने लगभग 19,000 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी होगी।
नए कर्मचारी: इनका समझौता अप्रैल 2025 से बकाया था। इनके वेतन में प्रतिमाह 18,100 रुपये का इजाफा किया गया है।
महंगाई भत्ता : हालांकि, महंगाई भत्ते के पॉइंट रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह पहले की तरह ही 2.50 रुपये प्रति पॉइंट की दर से मिलता रहेगा।
इन दिग्गजों की मौजूदगी में लगी मुहर
इस ऐतिहासिक समझौते पर कंपनी प्रबंधन की ओर से पीपुल ऑफिसर अटरिया सान्याल ने हस्ताक्षर किए। वहीं कर्मचारियों और यूनियन का पक्ष रखते हुए टिनप्लेट यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडे और महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने दस्तखत कर इस पर अपनी सहमति जताई। बताते चलें कि यह डिवीजन फूड एंड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के लिए पैकेजिंग मटेरियल बनाने का काम करता है।
अब कलिंगनगर प्लांट के 3,000 कर्मचारियों की टिकीं निगाहें
टिनप्लेट डिवीजन में मामला सुलझने के बाद अब टाटा स्टील के ओडिशा स्थित कलिंगनगर प्लांट में भी हलचल तेज हो गई है। कलिंगनगर प्लांट के कर्मचारियों का वेतन समझौता भी 1 जनवरी 2025 से पेंडिंग है। टिनप्लेट में बात बनते ही कलिंगनगर वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी तुरंत जमशेदपुर पहुंच चुके हैं। कंपनी मैनेजमेंट के साथ उनकी हाई-लेवल मीटिंग और वार्ता का दौर शुरू हो चुका है। कलिंगनगर प्लांट में करीब 3,000 कर्मचारी काम करते हैं। यूनियन लीडर्स और कर्मचारियों को पूरी उम्मीद है कि टिनप्लेट की तर्ज पर जल्द ही कलिंगनगर के लिए भी एक बड़ा और मुनाफे वाला सैलरी हाइक पैकेज फाइनल हो जाएगा।

