करणी सेना नेता हिमांशु की हत्या पर CM का सख्त संदेश: अपराध पर ढिलाई पड़ी भारी, जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP हटाए गए

KK Sagar
2 Min Read

करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के बाद झारखंड सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (SP) को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सरकार ने चाईबासा के आयुक्त और रांची के ADG को प्रभावित क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। वहीं, कोल्हान के DIG को जमशेदपुर में रहकर स्थिति की निगरानी और पुलिस व्यवस्था पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के बाद पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे। मामले को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसी के बाद मुख्यमंत्री ने जिम्मेदारी तय करते हुए यह सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....