बैठक से अनुपस्थित पाए गए वॉलिंटियर्स, उपायुक्त ने कहा– निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्य में लापरवाही बरतने वाले 23 वॉलिंटियर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की एसआईआर-2026 से संबंधित आवश्यक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सहयोग के लिए प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स को बीएलओ के साथ उपस्थित रहकर निर्वाचन कार्य में सहयोग करने का निर्देश दिया गया था। इसके लिए उन्हें पूर्व में प्रशिक्षण भी दिया गया था।
हालांकि, जिला हेल्प डेस्क मैनेजर द्वारा दूरभाष पर संपर्क करने पर 23 वॉलिंटियर्स अपने-अपने बूथों से अनुपस्थित पाए गए। इसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही और उच्च अधिकारियों के आदेश की अवहेलना मानते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित वॉलिंटियर्स को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया है।
निरसा, धनबाद और झरिया विधानसभा के वॉलिंटियर्स पर कार्रवाई
कार्रवाई के दायरे में 39 निरसा विधानसभा के 6, 40 धनबाद विधानसभा के 15 तथा 41 झरिया विधानसभा के 2 वॉलिंटियर्स शामिल हैं। सभी को निर्देश दिया गया है कि वे 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

