पश्चिम एशिया में एक बार फिर जंग के हालात पैदा हो गए हैं। अमेरिकी सेना ने बुधवार तड़के ईरान के खिलाफ नए हमले किए हैं। ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन व्यापारिक जहाजों पर अटैक के कुछ घंटों बाद हुए हैं। ये हमले ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्मों के बीच हुए हैं।
ईरान-अमेरिका में फिर बढ़ा तनाव
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर नए हमलों के बाद सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है। यूएस सेंट्रल कमांड के मुताबिक ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाया था। इसी के जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान के कुछ ठिकानों पर हमले किए। अमेरिका ने ईरान के इस आक्रामक रवैये को अनुचित, खतरनाक और युद्धविराम का स्पष्ट उल्लंघन बताया है।
ईरान में हुए सिलसिलेवार धमाके
अमेरिकी घोषणा के तुरंत बाद, ईरानी सरकारी मीडिया ने दक्षिणी ईरान में सिलसिलेवार धमाकों की खबर दी। मीडिया के अनुसार, दक्षिणी शहर सिरिक में सात धमाकों की आवाज सुनी गई। इसके अलावा सिरिक के ताहेरुई पियर क्षेत्र में छह मिसाइलें या गोले गिरे। ईरान के प्रेस टीवी ने बताया कि धमाकों से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है। इसके अलावा दक्षिणी ईरान के केश्म द्वीप और बंदर अब्बास में भी धमाकों की आवाज सुनी गई।
ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी
हमले के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर लिखा, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का विदेश मंत्रालय, अमेरिका द्वारा समझौते का उल्लंघन किए जाने के नतीजों के बारे में चेतावनी देता है। ईरान अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा की रक्षा के लिए ज़रूरी कोई भी कदम उठाएगा।
यूएस ने ईरान से अस्थायी प्रतिबंध छूट वापस ली
दरअसल, इन सैन्य हमलों से कुछ ही समय पहले अमेरिका ने ईरान को दी गई एक अस्थायी प्रतिबंध छूट भी वापस ले ली, जो अमेरिका और ईरान के बीच लड़ाई खत्म करने के लिए हुए अंतरिम समझौते का हिस्सा था। इस छूट के तहत ईरान को जून में हुए समझौता ज्ञापन के आधार पर कच्चे तेल का उत्पादन, बिक्री और आपूर्ति करने की अनुमति मिली हुई थी। यह छूट 21 अगस्त तक लागू रहने वाली थी, लेकिन अमेरिका ने इसे समय से पहले ही समाप्त कर दिया और तेल प्रतिबंधों से दी गई 60 दिनों की छूट का लाइसेंस रद्द कर दिया।

