धनबाद: आपराधिक मामलों की विवेचना को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और कानून सम्मत बनाने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) अधिकारियों के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है। पुलिस लाइन धनबाद में 60-60 एएसआई अधिकारियों का बैच बनाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के पहले दिन ग्रामीण एसपी एस. मो. याकूब ने एएसआई अधिकारियों को नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों और विवेचना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रमुख धाराओं, अपराध अनुसंधान की नई प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन, डिजिटल एविडेंस के संरक्षण एवं उपयोग तथा केस डायरी तैयार करने की विधि पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षित होना बेहद आवश्यक है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को कानून में हुए बदलावों से अवगत कराना है, ताकि अनुसंधान की गुणवत्ता बेहतर हो और न्यायिक प्रक्रिया अधिक मजबूत बन सके।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे सभी पुलिस पदाधिकारी समय-समय पर कानून में होने वाले बदलावों से अपडेट रहें और आम जनता को बेहतर, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

