ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, रथ खींचकर किया शुभारंभ

KK Sagar
2 Min Read

रांची। ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना करते हुए सभी को रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। उनके साथ हजारों श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ “जय-जय जगन्नाथ” के जयकारे लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रथयात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण का पर्व है, जो समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है।

जगन्नाथपुर मंदिर के लिए बनेगा भव्य तोरणद्वार

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर की पहचान को और अधिक भव्य बनाया जाएगा। इसके लिए मंदिर तक जाने वाली सड़क पर राज्य सरकार की ओर से एक आकर्षक और भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा, ताकि दूर से ही मंदिर की पहचान स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में सरकार लगातार काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रथयात्रा महोत्सव का श्रद्धालु पूरे वर्ष इंतजार करते हैं और इस बार उमड़ी भारी भीड़ मंदिर की दिव्यता, भव्यता और लोकप्रियता का प्रमाण है। आने वाले वर्षों में इस मेले को और अधिक व्यवस्थित, भव्य और प्रभावी बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....