सीआईएसएफ का सिजुआ में ताबड़तोड़ एक्शन, दो जगहों से 53 टन अवैध कोयला जब्त

KK Sagar
2 Min Read

बाघमारा। बीसीसीएल के एरिया-5 सिजुआ में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल 53 टन कोयला बरामद किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों और चोरों के बीच हड़कंप मच गया है।

सीआईएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एरिया-5 सिजुआ के लोयाबाद 5 नंबर बस्ती और निश्चितपुर टाउनशिप के समीप बड़ी मात्रा में अवैध रूप से कोयला जमा कर रखा गया है। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान लोयाबाद 5 नंबर बस्ती से लगभग 33 टन तथा निश्चितपुर टाउनशिप क्षेत्र से 20 टन कोयला बरामद किया गया। जब्त किए गए कुल 53 टन कोयले को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया है।

सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में दहशत का माहौल है। अचानक हुई छापेमारी ने कोयला चोरी में संलिप्त लोगों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल मामले में एमएमडीआर (MMDR) अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....