धनबाद: धनबाद विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिन बीएलओ सुपरवाइजरों की प्रगति सबसे कम पाई गई, उन्हें कड़ी फटकार लगाई गई। अनुमंडल दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य धीमा है, वहां तत्काल सुधार करते हुए अभियान को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि डेटा एंट्री में किसी प्रकार की देरी न हो।
लोकेश बारंगे ने सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ के कार्यों की प्रतिदिन निगरानी करने तथा नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
बैठक में एनडीसी दीपक कुमार दुबे, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, शनी कुमार, पुटकी अंचल अधिकारी विकास आनंद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

