गोविंदपुर में अवैध कोयला कारोबार पर सीआईएसएफ का बड़ा एक्शन, दो जगहों पर छापेमारी कर 15 टन कोयला जब्त
बाघमारा। धनबाद के गोविंदपुर स्थित बीसीसीएल एरिया-3 में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 15 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। सभी मामलों में एमएमडीआर (MMDR) एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बूढ़ा बाबा के पास 8 टन कोयला बरामद, तस्कर फरार
पहली कार्रवाई एरिया-3 की एबीसी ब्लॉक-4 कोलियरी के अंतर्गत आगराडीह ओपी क्षेत्र स्थित बूढ़ा बाबा के समीप की गई। सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम गश्त पर थी, तभी वहां अवैध रूप से जमा करीब 8 टन कोयला बरामद हुआ। टीम को देखते ही कोयला तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद कोयले को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
हायड पैच ट्रांसपोर्टिंग रूट से 7 टन कोयला जब्त
दूसरी कार्रवाई एरिया-3 के एबीसी ब्लॉक-4 स्थित हायड पैच माइंस के ट्रांसपोर्टिंग रूट के पास की गई। यहां छापेमारी के दौरान करीब 7 टन अवैध कोयला बरामद हुआ। हालांकि मौके पर कोयला स्टॉक करने वाले लोगों का पता नहीं चल सका। जब्त कोयले को कब्जे में लेकर संबंधित अज्ञात लोगों के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
लगातार हो रही छापेमारी से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। सीआईएसएफ और बीसीसीएल अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

