बाघमारा। धनबाद के बीसीसीएल एरिया-12 बसंतीमाता स्थित पलासिया जंगल में अवैध कोयला खनन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 6 अवैध कोयला मुहानों की डोजर से भराई कर उन्हें पूरी तरह बंद कर दिया गया।
अवैध खनन पर संयुक्त अभियान, तस्करों में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध कोयला खनन और तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर सीआईएसएफ, बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस की संयुक्त टीम पलासिया जंगल पहुंची, जहां संचालित हो रहे अवैध मुहानों को चिन्हित कर डोजर की मदद से भराई कराई गई। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
कोयला चोरी के खिलाफ लगातार तेज हो रही कार्रवाई
बताया जा रहा है कि हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अवैध कोयला खनन और चोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद सीआईएसएफ डीआईजी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में धनबाद जिले के विभिन्न कोलियरियों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।

