बाघमारा: धनबाद के सुदामडीह एरिया-11 स्थित भौरा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ बुधवार को CISF और BCCL प्रबंधन ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 6 नंबर बस्ती और मुंगेरिया खटाल बस्ती में संचालित अवैध कोयला मुहानों पर बुलडोजर और हाइवा मशीनों की मदद से ओबी (ओवरबर्डन) डालकर उन्हें बंद कर दिया गया।
पहले अधूरा रह गया था अभियान
बीसीसीएल प्रबंधन के अनुसार, 15 जुलाई को भी इन अवैध मुहानों को बंद करने का प्रयास किया गया था, लेकिन मुहाने अत्यधिक गहरे होने के कारण अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो सका था। इसके बाद दोबारा योजना बनाकर संयुक्त अभियान चलाया गया और अधिकांश अवैध मुहानों को भर दिया गया।
हाइवा मशीनों से भरे गए मुहाने
अभियान के दौरान 6 नंबर बस्ती में स्थित अवैध कोयला मुहानों को सुरक्षित तरीके से ओबी डालकर बंद किया गया। वहीं मुंगेरिया खटाल बस्ती में भी एक अवैध मुहाने को पूरी तरह भर दिया गया। हालांकि, एक अन्य मुहाना अत्यधिक गहरा होने तथा प्रबंधन का डोजर खराब हो जाने के कारण फिलहाल पूरी तरह बंद नहीं किया जा सका।
पूरे अभियान में सुरक्षा बल रहे मुस्तैद
अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। मौके पर परियोजना पदाधिकारी, ओवरमैन, बीसीसीएल के सुरक्षा गार्ड, समवाय प्रभारी, पोस्ट कमांडर, सुदामडीह QRT टीम, CISF के जवान और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहे, ताकि अभियान शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
एमएमडीआर एक्ट के तहत होगी सख्त कार्रवाई
बीसीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और अवैध मुहानों के संचालन में शामिल लोगों के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट (खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन का कहना है कि अवैध खनन से राष्ट्रीय संपत्ति को भारी नुकसान होता है और यह आसपास के लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। इसी कारण भविष्य में भी ऐसे अवैध मुहानों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

