मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा में 87 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश, सदन के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। 24 जुलाई तक चलेगा। बिहार विधानसभा का सत्र शुरू होते ही विपक्ष का हंगामा देखने को मिला। विपक्षी विधायक नई शिक्षा नीति के खिलाफ तख्तियां लेकर पहुंचे। सदन के बाहर प्रदर्शन करते हे विपक्षी विधायकों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

87383.43 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में पेश

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही में नवनिर्वाचित सदस्यों का मनोनयन, विभिन्न समितियों का गठन, शोक प्रस्ताव और वित्तीय कार्य सहित कई महत्वपूर्ण कार्य निपटाए गए। सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 87,383.43 करोड़ रुपये का प्रथम अनुपूरक बजट सदन में पेश किया गया। उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने विधानसभा में अनुपूरक व्यय विवरण प्रस्तुत किया।

सबसे बड़ा प्रावधान वार्षिक योजनाओं के लिए

अनुपूरक बजट में सरकार ने सामाजिक सुरक्षा, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना पर बड़ा दांव खेला है। सबसे ज्यादा राशि मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, बिजली सब्सिडी, रोजगार, सड़क निर्माण और पटना मेट्रो जैसी योजनाओं के लिए प्रस्तावित की गई है। इस अनुपूरक बजट में 57,077.96 करोड़ रुपए वार्षिक योजनाओं, 30,265.99 करोड़ रुपए स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय और 39.48 करोड़ रुपए केंद्रीय क्षेत्र की योजनाओं के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।

विधानसभा कल तक के लिए स्थगित

विधानसभा की जारी कार्यसूची के अनुसार सदन की शुरुआत अध्यक्ष के प्रारंभिक संबोधन से हुई। इसके बाद बिहार विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के तहत अस्थायी सदस्यों का मनोनयन किया गया। कार्य-मंत्रणा समिति के गठन का प्रस्ताव भी सदन में रखा गया। औपचारिक कार्य के दौरान माननीय राज्यपाल द्वारा प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रतियां सदन के पटल पर रखी गई।  बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के बीच पारित अनुपूरक मांगों से संबंधित संदेशों का विवरण और विधानसभा की विभिन्न समितियों के प्रतिवेदन भी सदन में प्रस्तुत करने की औपचारिकता की गई। पहले दिन के वित्तीय कार्यों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरण का उपस्थापन सबसे महत्वपूर्ण था, जिसकी औपचारिकता के बाद शोक प्रस्तावों के साथ मंगलवार तक के लिए विधानसभा स्थगित कर दी गई।

राजद का जोरदार प्रदर्शन

मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजद के विधायक और विधान पार्षद हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर उठ रहे सवाल और छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं को गंभीर मुद्दा बताया। विपक्षी सदस्यों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी उन्हें लेनी चाहिए।

Share This Article