SIR-2026: क्या आपने जमा किया इन्यूमरेशन फॉर्म? 23 जुलाई है आखिरी तारीख, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दी बड़ी चेतावनी

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अगर आप वर्तमान मतदाता सूची में शामिल हैं और आपने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा नहीं किया है, तो आपके पास सिर्फ 23 जुलाई तक का समय है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने साफ कर दिया है कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन को समय पर पूरा करने के लिए सभी मतदाताओं का सहयोग जरूरी है। जिन्होंने अब तक फॉर्म जमा नहीं किया है, वे बिना किसी देरी के इसे तुरंत अपने बीएलओ को सौंपें।

दो दिवसीय विशेष शिविर का हुआ समापन, DC ने खुद संभाला मोर्चा
​विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को दो दिवसीय विशेष सहायता शिविर आयोजित किए गए थे। सोमवार (20 जुलाई) को शिविर के अंतिम दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने खुद फील्ड में उतरकर मानपीटा, घोड़ाबांधा और बर्मामाइंस क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। ​निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा फॉर्म के वितरण, कलेक्शन और डिजिटाइजेशन के काम का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सारा काम तय समय-सीमा के भीतर ही पूरा होना चाहिए।

क्यों जरूरी है यह फॉर्म और आपके पास क्या हैं विकल्प?
​जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मौजूदा वोटर लिस्ट में शामिल सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म प्रिंट करके बीएलओ के जरिए घर-घर पहुंचाया जा चुका है। मतदाताओं की सुविधा के लिए दो विकल्प दिए गए हैं:
​ऑफलाइन माध्यम: फॉर्म को भरकर और हस्ताक्षर करके सीधे अपने क्षेत्र के बीएलओ को सौंप दें।
​ऑनलाइन माध्यम: इसे ऑनलाइन भरकर भी सबमिट किया जा सकता है, ताकि समय पर डिजिटाइजेशन और मैपिंग का काम पूरा हो सके। विशेष शिविरों का उद्देश्य हर पात्र मतदाता को फॉर्म भरने और जमा करने में मदद करना था।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी भी रहे मौजूद
​सोमवार को हुए इस हाई-लेवल निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी के साथ ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित बूथों के बीएलओ, सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटर भी मुस्तैद दिखे। शिविरों में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय मतदाताओं ने भी अपनी समस्याओं का समाधान कराया।

Share This Article