बिहार में मानसीन मजबूत है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता दिख रही है। पटना मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक वाली बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, कुछ जिलों में तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा, लखीसराय और शेखपुरा समेत राज्य के अधिकांश जिलों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। वहीं अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई जिलों में भी कई स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की जा सकती है।
बिहार के इन जिलों में आंधी और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विशेष सतर्कता पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और आसपास के जिलों के लिए बरतने की सलाह दी गई है। इन जिलों में लोगों को ज्यादा सावधान रहने की आवश्यकता है।
नेपाल में बारिश से बिहार में तबाही
वहीं, बिहार में मानसून की सक्रियता के कारण भारी बारिश और भीषण बाढ़ का दोहरा संकट मंडरा रहा है। नेपाल और राज्य के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा से प्रमुख नदियां उफान पर हैं। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।कोसी बराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। गंडक नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है।
एक सप्ताह तक बारिश की संभावना
बिहार में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। 21 से 27 जुलाई के बीच अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जुलाई को राज्य में व्यापक और मूसलाधार वर्षा होगी। फिर कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 23 से 26 जुलाई के दौरान भी कई स्थानों पर भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

