धनबाद – निरसा और चंदनक्यारी में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की मांग, सांसद ढुलू महतो ने केंद्रीय कृषि मंत्री को सौंपा पत्र

KK Sagar
2 Min Read

किसानों को आधुनिक तकनीक, मृदा परीक्षण और वैज्ञानिक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की पहल

धनबाद: धनबाद सांसद ढुलू महतो ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र सौंपकर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के मानकों के अनुरूप धनबाद के निरसा तथा बोकारो के सीमावर्ती चंदनक्यारी क्षेत्र में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) की स्थापना की मांग की है। इसकी जानकारी सांसद ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी।

सांसद ने कहा कि निरसा और चंदनक्यारी का बड़ा ग्रामीण क्षेत्र कृषि पर निर्भर है, लेकिन कृषि विज्ञान केंद्र दूर होने के कारण किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक सलाह, उन्नत बीज, मृदा परीक्षण और कृषि विशेषज्ञों की सेवाएं समय पर नहीं मिल पाती हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना किसानों के लिए काफी लाभकारी होगी।

उन्होंने अपने पत्र में मुख्य कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना तक क्षेत्र में कृषि विज्ञान उपकेंद्र तथा मिट्टी एवं जल जांच प्रयोगशाला शुरू करने का भी आग्रह किया है, ताकि किसानों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सांसद ढुलू महतो ने विश्वास जताया कि इस पहल से क्षेत्र में वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसी गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है, जिससे निरसा और चंदनक्यारी क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिल सकेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....