पलामू: अपराधियों के खिलाफ पलामू प्रशासन ने बड़ा और सख्त संदेश दिया है। जिले में दहशत फैलाने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहने के आरोपों के बीच कुख्यात डब्लू सिंह उर्फ गौतम सिंह को 6 महीने के लिए जिला बदर कर दिया गया है। यह आदेश 21 जुलाई 2026 से 20 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि डब्लू सिंह की गतिविधियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को भेजी गई थी। रिपोर्ट पर सुनवाई के बाद उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जिला बदर का आदेश जारी कर दिया, जिसकी प्रति मंगलवार शाम एसपी कार्यालय को प्राप्त हुई।
गाड़ियों का काफिला, गैंग और दहशत… फिर चला प्रशासन का डंडा
एसपी के मुताबिक, डब्लू सिंह गाड़ियों का काफिला लेकर घूमता था और लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश करता था। उस पर गैंग बनाकर संदिग्ध गतिविधियां संचालित करने और रंगदारी व धमकी के जरिए दहशत फैलाने के आरोप हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की।
एसपी की दो टूक चेतावनी
एसपी कपिल चौधरी ने साफ कहा कि अपराधी चाहे जेल में हो या बाहर, यदि वह कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, रंगदारी वसूलने या लोगों में डर पैदा करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ इससे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला बदर के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

