विदेश दौरे से लौटकर पटना पहुंचे तेजस्वी यादव, अब बांकीपुर के लिए दो दिन करेंगे धुंआधार प्रचार

Neelam
By Neelam
2 Min Read

करीब 24 दिनों बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार लौट आए हैं। तेजस्वी यादव के पटना पहुंचते ही बिहार की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट देखने को मिलने लगी। विदेश यात्रा से लौटने के बाद तेजस्वी की नजर अब पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर है, जहां 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का रोड शो 27 और 28 जुलाई को होगा। इसमें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे।

27 और 28 जुलाई को तेजस्वी का रोड शो

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगभग तीन सप्ताह के विदेश दौरे से दिल्ली लौटे और रविवार को पटना पहुंचे। पटना लौटते ही तेजस्वी बांकीपुर सीट पर होने वाले हाई-प्रोफाइल उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार की कमान संभालने वाले हैं। पार्टी ने बांकीपुर से आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में 27 और 28 जुलाई को तेजस्वी यादव के दो दिवसीय रोड शो के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है।

विधानसभा के मानसून सत्र में तेजस्वी रहे गैरमौजूद

तेजस्वी यादव 2 जुलाई को पटना से दिल्ली रवाना हुए थे और इसके बाद विदेश यात्रा पर गए थे। देश-प्रदेश में बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच उनकी गैरमौजूदगी को लेकर बिहार की राजनीति में भी सवाल उठे थे। विशेषकर विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान। सत्ता पक्ष ने सत्र के दौरान तेजस्वी की गैरमौजुदगी को मुद्दा बनाया था। अब मानसून सत्र खत्म होने के बाद तेजस्वी की चुनावी मैदान में उनकी सक्रियता बढ़ने वाली है।

बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला हो दिलचस्प

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। आरजेडी ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी ने अपना प्रत्याशी बदलकर नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं। वैसे तो मैदान में 26 उम्मीदवार हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला इन्हीं तीन उम्मीदवारों के बीच बताया जा रहा है।

Share This Article