पलामू: मेदिनीनगर के कोयल रिवर फ्रंट पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अग्रसेन भवन के पास बैठे युवकों पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। देर रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के समय नदी किनारे आधा दर्जन से अधिक युवक आपस में बैठे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान पांच की संख्या में पहुंचे हमलावर गाली-गलौज करते हुए सीढ़ियों और सड़क की ओर बढ़े तथा बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों के हाथों में पिस्तौल जैसे हथियार थे और उन्होंने लगातार कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
फायरिंग की इस घटना में तीन युवक गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में शास्त्री नगर (भट्टी मुहल्ला) निवासी 18 वर्षीय दिनेश कुमार और 25 वर्षीय निखिल कुमार शामिल हैं। दोनों को गंभीर अवस्था में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, दिनेश के पेट में गोली लगी है, जबकि निखिल को कमर और बांह में गोली लगी है। घटना के दौरान वहां मौजूद तीन से चार अन्य युवक बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद एसडीपीओ चिरंजीव मंडल भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमलावरों का निशाना कौन था और घटना के पीछे की वजह क्या थी। शहर के बीच हुई इस गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

