कालका एक्सप्रेस में घर से भागा 14 वर्षीय बालक मिला, धनबाद रेलकर्मियों की सतर्कता से परिजनों से हुआ मिलन

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: धनबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और संवेदनशीलता से घर से भागे एक 14 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया गया। यह घटना 30 जुलाई को गाड़ी संख्या 13051 कालका एक्सप्रेस में सामने आई।

जानकारी के अनुसार, आसनसोल-धनबाद रेलखंड के बीच टिकट चेकिंग के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ राकेश कुमार ने जनरल कोच में एक 14 वर्षीय बालक रंगन घोष को संदिग्ध एवं भयभीत अवस्था में देखा। पूछताछ करने पर बालक ने बताया कि वह घर से भागकर आया है।

बालक के पास मौजूद स्कूल आईडी कार्ड से उसके पिता मानव घोष का संपर्क नंबर प्राप्त किया गया। सूचना मिलने पर पिता ने बताया कि उनका पुत्र घर से लापता है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

इसके बाद घटना की जानकारी तत्काल धनबाद कमर्शियल कंट्रोल, आरपीएफ और जीआरपी को दी गई। ट्रेन के धनबाद स्टेशन पहुंचने पर बालक को आरपीएफ एवं जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। बाद में उसके पिता बंगाल पुलिस के साथ धनबाद पहुंचे, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जीआरपी ने बालक को सकुशल उसके पिता को सौंप दिया।

बालक के पिता और बंगाल पुलिस ने धनबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ तथा रेल प्रशासन की सतर्कता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....