टाटा स्टीलकर्मी के सिर में आए 27 टांके! पीड़ित बोला-‘चापड़ से मारा’, पुलिस बोली-‘दीवार से टकराए’

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती में रविवार रात हुई एक आपराधिक घटना को लेकर विवाद गहरा गया है। एक तरफ जहां पीड़ित टाटा स्टील कर्मचारी राजन पांडे (45 वर्ष) ने ससुराल वालों पर चापड़ से हमला करने का आरोप लगाया है, वहीं सिदगोड़ा पुलिस इस घटना को चापड़-चाकू से हमला न मानकर दीवार से सिर टकराने की बात कह रही है।

क्या है पीड़ित राजन पांडे का दावा?
​अस्पताल में भर्ती राजन पांडे के सिर में 27 टांके लगे हैं। उनके अनुसार रविवार रात उनकी पत्नी के साथ पैसों को लेकर विवाद हो रहा था। ​इसी दौरान उनके साले और सास ने बीच में आकर विवाद बढ़ा दिया। पीड़ित का आरोप है कि सास और साला लगातार पैसों की मांग करते हैं और विरोध करने पर पत्नी अपनी मां और भाई का समर्थन करती है। बात बढ़ने पर साले ने चापड़ निकालकर राजन पांडे के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे खून से लथपथ होकर गिर पड़े।
​परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस का क्या कहना है?
​सिदगोड़ा थाना पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद एक अलग ही बात सामने रखी है। पुलिस का कहना है कि राजन पांडे पर चापड़ या चाकू से हमला नहीं हुआ है। आपसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। धक्का-मुक्की के दौरान राजन पांडे जमीन पर गिर गए और उनका सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।

Advertisement

आगे की कार्रवाई
​पुलिस के मुताबिक, घायल राजन पांडे का अधिकारिक बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वारदात के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Share This Article