फायरिंग कर लूटी थी चेन और मोबाइल… पुलिस ने 96 घंटे में बिछाया ऐसा जाल कि सलाखों के पीछे पहुंचे 3 अपराधी

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : वशिष्ट नगर थाना क्षेत्र में कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ के पास बीती 7 अगस्त की रात हुई दुस्साहसिक वारदात से पर्दा उठ गया है। ज्वेलर्स दुकानदार से लूटपाट और दहशत फैलाने के इरादे से की गई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खाकी ने इस गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक के साथ सलाखों के पीछे भेज दिया है।

हवाई फायरिंग कर लूटी थी सोने की चेन और मोबाइल
​मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 7 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोन के पास पहले से घात लगाए बैठे बेखौफ अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने खौफ पैदा करने के लिए गोलियां चलाई और मृत्युंजय वर्मा से उनकी सोने की चेन व मोबाइल छीनकर चंपत हो गए। इस बाबत वशिष्ट नगर थाने में केस (कांड संख्या 117/26) दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

एसडीपीओ के नेतृत्व में स्पेशल स्क्वाड ने कसा शिकंजा
​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल बनाई गई। तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए टीम ने 11 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया और तीन संदिग्धों को दबोच लिया।पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
​अमित कुमार (परसिया गांव, हंटरगंज)
​बिट्टू कुमार (छोटकी जोरी, बगरा)
​रोहित कुमार (करेलीबार)

बिहार-झारखंड में फैला है अमित का नेटवर्क, मौके से मिली चप्पल से भी मिले सुराग
​पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है। इतना ही नहीं, घटना के समय हड़बड़ी में भागे अपराधियों की चप्पलें भी मौके पर छूट गई थीं, जिन्हें पुलिस ने अहम साक्ष्य के रूप में जब्त किया है। एसडीपीओ ने बताया कि पकड़ा गया अमित कुमार एक पेशेवर और अंतरप्रांतीय अपराधी है। उस पर झारखंड के हंटरगंज के अलावा बिहार के शेरघाटी और बहेड़ा ओपी में भी लूट व आर्म्स एक्ट के कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस केस से जुड़े अन्य नेटवर्क को खंगाल रही है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Share This Article