डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक पर स्थित ‘गोल्डन ज्वैलर्स’ को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
गश्त के दावों के बीच तड़के 3 बजे वारदात
घटना बुधवार देर रात की है। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि रात करीब 3 बजे बेखौफ चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ा और बेझिझक अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद बड़े आराम से दुकान में रखे कीमती गहनों को समेटा और मौके से फरार हो गए। मामले का खुलासा गुरुवार की सुबह हुआ, जब दुकान मालिक हर दिन की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। शटर का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर जांच करने पर सोने-चांदी के कई कीमती आभूषण गायब मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, व्यापारियों में गुस्सा
घटना की सूचना तुरंत बागबेड़ा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त की जा रही है और पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी की रणनीति बना रही है। वहीं, इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि इलाके में रात की पुलिस गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित है। अगर गश्त मुस्तैद होती तो मुख्य चौक पर ऐसी बड़ी चोरी को अंजाम देना मुमकिन नहीं होता। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

