मेदिनीनगर के जोड़ फोरलेन पर सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार को अनोखे अंदाज में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग करने वाले वाहन चालकों को माला पहनाकर गांधीगिरी के जरिए यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
सड़क सुरक्षा टीम और यातायात प्रभारी रुद्र ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा का पालन, ओवरस्पीडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने समेत अन्य यातायात नियमों की जानकारी दी। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को माला पहनाकर समझाया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यह संदेश भी दिया गया कि जागरूकता के लिए आज जिस तरह माला पहनाई जा रही है, लापरवाही के कारण किसी दुर्घटना में यही माला श्रद्धांजलि के रूप में न पहनानी पड़े। इसलिए हर व्यक्ति को सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना चाहिए।
जागरूकता अभियान में जिला परिवहन विभाग के कर्मी, यातायात प्रभारी, ट्रैफिक कर्मी और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य सदस्य मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात और नियमों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

