डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : जमशेदपुर में महज सात दिनों के भीतर प्याज के दामों ने भारी उछाल दर्ज की है। जहां एक हफ्ते पहले तक प्याज ₹25 से ₹30 प्रति किलो मिल रहा था, वही अब खुदरा बाजार में इसके भाव ₹50 प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। अचानक हुई इस मूल्य वृद्धि ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया है।
सप्लाई में 85% की भारी गिरावट
शहर में प्याज का मुख्य स्रोत महाराष्ट्र का नासिक इलाका है। सामान्य दिनों में परसुडीह स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति (मंडी) में रोजाना 7 से 8 गाड़ियां लगभग 400 टन प्याज पहुंचती थी। लेकिन वर्तमान में यह आवक घटकर महज 2 ट्रक लगभग 50 टन रह गई है। मंडी में सप्लाई कम होने की वजह से दामों में यह अप्रत्याशित तेजी देखी जा रही है।
नासिक में थोक भाव चढ़े, राहत के आसार फिलहाल नहीं
साकची मंडी के थोक विक्रेता अजय गुप्ता के अनुसार नासिक में थोक रेट ₹35 से ₹38 प्रति किलो है। जमशेदपुर थोक मंडी तक लागत ₹44 से ₹45 प्रति किलो और खुदरा बाजार का रेट ₹50 प्रति किलो है। व्यापारियों का कहना है कि अगस्त और सितंबर के महीनों में अक्सर पुराना स्टॉक खत्म होने लगता है और नई फसल आने में समय लगता है। इस बार नासिक में बुआई में हुई देरी की वजह से भी सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। जब तक नासिक से ट्रकों की आवक सामान्य नहीं होती, तब तक कीमतों में नरमी आने की उम्मीद कम ही है।

