सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को कुचल दिया। कटैया चौक के पास NH-327E पर हुए हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
झूलन पूजा के दौरान हुआ हादसा
कटैया चौक के समीप झूलन पूजा के मौके पर लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। मृतकों की पहचान तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है।
इलाज के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ा
गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। वहीं रामचंद्र यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद सड़क और अस्पताल में हंगामा
घटना से नाराज लोगों ने NH-327E को जाम कर विरोध जताया और बाद में सदर अस्पताल में भी हंगामा किया। सूचना पर एसडीएम, एसडीपीओ, डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है, जबकि पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

