डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : चक्रधरपुर में पुलिस ने घर में सेंधमारी कर सोना, चांदी और नकदी उड़ाने वाले एक बड़े चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कुख्यात अपराधी दिलावर अली उर्फ लादेन समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन और चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। एसडीपीओ डॉ. सैयद मुश्ताक अली ने चक्रधरपुर थाने में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वार्ड संख्या-6 की रहने वाली सजीदा बेगम के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में 24 मई 2026 को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसमें दिलावर अली को मुख्य आरोपी बनाया गया था।
आत्मसमर्पण के बाद टूटी गिरोह की कमर
मुख्य आरोपी दिलावर ने एसडीपीओ के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चांदी की दो चूड़ियां, दो पायल, कमर का छल्ला और एक अंगूठी बरामद की। पूछताछ के दौरान उसने कई अन्य वारदातों का भी खुलासा किया, जिसके आधार पर चक्रधरपुर, मनोहरपुर और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में कई ठिकानों पर छापेमारी की गई।
पश्चिम बंगाल तक जुड़े थे चोरी के तार
जांच में सामने आया कि दिलावर ने चोरी किया हुआ सोना पुरुलिया के मुमताज अंसारी को दिया था, जिसे आगे बलरामपुर के एक आभूषण कारोबारी विमल चंद्रा को बेच दिया गया था। इसके अलावा ट्रेन और अन्य जगहों से चुराए गए मोबाइल फोन मनोहरपुर के रहने वाले सुभम दास और विकास घोष को बेचे गए थे। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों के पास से कुल चार मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
दिलावर अली उर्फ लादेन (मुख्य आरोपी)
सुभम दास (खरीददार)
विकास घोष (खरीददार)
विमल चंद्रा (आभूषण कारोबारी)
मुमताज अंसारी (चोरी का सामान खपाने वाला)
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी दिलावर अली पर पहले से ही चक्रधरपुर थाने में चोरी, धोखाधड़ी और मारपीट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पश्चिम बंगाल में बेचे गए सोने की बरामदगी और गिरोह के अन्य संभावित ठिकानों की तलाश में जुटी हुई है।

