ट्रेन के जनरल कोच में लावारिस मिले 8 बैग-थैले, जांच में निकली शराब
धनबाद।धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF की स्पेशल टास्क टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की। 2 सितंबर 2026 को करीब 1:32 बजे ट्रेन संख्या 13051 के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंचने के बाद पीछे के जनरल कोच की जांच की गई। इस दौरान एक साथ छह बैग और दो थैले संदिग्ध हालत में मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी इन सामानों पर अपना दावा नहीं किया।
8 बैग-थैलों में मिली अलग-अलग ब्रांड की शराब
संदेह के आधार पर सभी बैग और थैलों की तलाशी ली गई, जिसमें Hayward 5000 Premium Strong Beer, Royal Stag अंग्रेजी शराब और Budweiser Magnum Beer बरामद हुई। सभी सामान को प्लेटफॉर्म के हावड़ा छोर पर उतारकर गवाहों की मौजूदगी में जांच की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 130 लीटर और अंकित मूल्य 38,160 रुपये पाया गया। शराब की बोतलों और कैन पर “FOR SALE IN WB ONLY” लिखा हुआ था।
130 लीटर शराब जब्त, कोई आरोपी नहीं मिला
धनबाद स्टेशन पर ट्रेन के अल्प ठहराव को देखते हुए RPF टीम ने बरामद सामान को तत्काल कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई पूरी की। कार्रवाई के दौरान किसी व्यक्ति ने शराब पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया और मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए RPF पोस्ट धनबाद लाया गया।
उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा जब्त माल
जब्त शराब के संबंध में RPF पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार की ओर से लिखित शिकायत तैयार की गई है। जब्त अंग्रेजी शराब और बीयर को उत्पाद विभाग धनबाद को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया जाएगा। RPF की कार्रवाई से अवैध रूप से शराब के परिवहन पर निगरानी और सख्ती का संकेत मिला है।
स्पेशल टास्क टीम ने चलाया अभियान
कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देशन और निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में गठित स्पेशल टास्क टीम ने की। गस्ती दल में प्रवीण कुमार, चितरंजन सिंह, बबुलेश कुमार, विवेक कुमार और प्रमोद कुमार समेत RPF कर्मी शामिल रहे। बरामद शराब के मामले में आरोपी की पहचान फिलहाल अज्ञात है।

