गुप्त सूचना पर शाहपुर पुलिस की छापेमारी
दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर कृषि फार्म स्थित शांतिनगर में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में संतोष पोद्दार को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ने अपने घर में हथियार छिपाकर रखे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम गठित कर घर पर छापेमारी की गई।
कट्टा, मैगजीन और 32 खोखा जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से एक देशी कट्टा, दो पिस्टल मैगजीन और 32 खोखा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आरोपी द्वारा अवैध हथियारों के जरिए इलाके में डर का माहौल बनाने की बात सामने आई है। आशंका है कि वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।
आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ मामला
मामले को लेकर शाहपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 367/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सह सीडीपीओ-1 के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
हथियार कहां से आए, गिरोह से कनेक्शन की जांच
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। साथ ही हथियारों की सप्लाई कहां से हुई और क्या आरोपी के किसी आपराधिक गिरोह से संबंध हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

