जर्जर सड़क से छात्राओं की बढ़ी परेशानी
पलामू समाहरणालय सभागार में आयोजित जन समाधान दिवस में पाटन प्रखंड के किसैनी गांव से कक्षा 10 की छात्राओं ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के सामने सड़क की समस्या रखी। छात्राओं ने बताया कि वे साइकिल से स्कूल जाती हैं, लेकिन बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। आए दिन दुर्घटनाओं और चोट लगने की वजह से अभिभावक भी उन्हें स्कूल भेजने में हिचक रहे हैं।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित होने की जताई चिंता
छात्राओं ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि वे कक्षा 10 में हैं और बोर्ड परीक्षा नजदीक होने के कारण स्कूल पहुंचने में हो रही परेशानी उनके परिणाम पर असर डाल सकती है। छात्राओं ने सड़क को जल्द चलने योग्य बनाने की मांग की।
उपायुक्त ने तत्काल सड़क दुरुस्त करने के दिए निर्देश
छात्राओं की समस्या सुनकर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि सड़क का स्थायी निर्माण लंबी प्रक्रिया है, लेकिन फिलहाल इसे आवागमन योग्य बनाया जा सकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सड़क पर डस्ट और अन्य आवश्यक सामग्री डालकर उसे तत्काल चलने योग्य बनाने का निर्देश दिया, ताकि छात्राओं का स्कूल आना-जाना सुचारू हो सके।
जन समाधान दिवस में कई विभागों से जुड़े आवेदन
जन समाधान दिवस में भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता रोकने, अयोग्य लाभुकों को पीएम आवास दिए जाने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा और कल्याण विभाग से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

