आवास के बाहर संदिग्ध कैमरा लगाते पकड़े गए दो लोग
हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। विधायक के अनुसार, 2 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे आनंदपुरी कॉलोनी स्थित उनके निजी आवास के बाहर दो लोगों को हाई रेजोल्यूशन, वाई-फाई और नाइट विजन वाले मूवेबल कैमरे लगाते हुए स्थानीय लोगों ने पकड़ा। पकड़े गए लोगों की पहचान मो. एहसान अहमद और मो. शहबाज के रूप में हुई है।
तीन-चार दिनों से रेकी का विधायक ने लगाया आरोप
विधायक ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया कि कैमरा मो. अदनान के निर्देश पर लगाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार दिनों से उनके आवास की रेकी की जा रही थी। पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के बयानों में बार-बार बदलाव होने के कारण विधायक ने किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है।
विधानसभा अध्यक्ष से उच्चस्तरीय जांच की मांग
विधायक ने झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पुलिस की तकनीकी शाखा से जांच कराने की मांग करते हुए यह पता लगाने को कहा है कि घटना में किन लोगों की संलिप्तता है और कहीं किसी बाहरी संगठन की भूमिका तो नहीं है।
आवास पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग
विधायक ने जांच पूरी होने तक अपने आवासीय परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि तीन दिनों तक उनके बाहर रहने के दौरान कथित तौर पर यह गतिविधि की गई, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। पत्र की प्रतिलिपि DGP रांची, DIG हजारीबाग प्रक्षेत्र और SP हजारीबाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

