तीन घंटे की जांच में 53,695 रुपये जुर्माना वसूला
धनबाद। धनबाद मंडल में बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुनियोजित कार्यक्रम के तहत 5 सितंबर को 15:30 बजे से 18:30 बजे तक धनबाद स्टेशन पर धनबाद का दस्ता संख्या 02 एवं धनबाद स्लीपर की एलआर चेकिंग स्टाफ द्वारा टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ सफर करने वाले यात्रियों समेत कुल 79 यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे जुर्माने के रूप में 53,695 रुपये की राशि प्राप्त की गई।
पकड़े गए यात्रियों को दी गई सख्त हिदायत
जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों को उचित टिकट के साथ ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई। धनबाद मंडल द्वारा लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। अभियान के दौरान स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटर पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई।
उचित टिकट और निर्धारित श्रेणी में यात्रा की अपील
धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने की सलाह दी है। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि उनके पास जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे ने टिकट नियमों का पालन करने और जांच के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचने की अपील की है।

