डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के एलडी-1 विभाग ने उत्पादन के मोर्चे पर एक नया इतिहास रच दिया है। कंपनी की पीएसएम और कैस्टर टीमों ने बेहतरीन तालमेल और कड़ी मेहनत का प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।
एक शिफ्ट में 29 हीट टैप का कमाल
उत्पादन के इस नए सिलसिले में पीएसएम टीम ने चार सितंबर की नाइट शिफ्ट के दौरान शानदार कार्यकुशलता दिखाते हुए एक ही शिफ्ट में 29 हीट टैप किए। अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में टीम ने यह मुकाम हासिल कर अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही, पूरे दिन के दौरान इस टीम ने कुल 76 हीट टैप कर अपनी उच्च उत्पादन क्षमता का लोहा मनवाया।
कैस्टर टीमों का ऐतिहासिक प्रदर्शन
सिर्फ पीएसएम टीम ही नहीं, बल्कि एलडी-1 की कैस्टर टीमों ने भी पहली बार ऐसा प्रदर्शन किया जिसने विभाग का मस्तक ऊंचा कर दिया। इतिहास में यह पहला मौका रहा जब विभाग के तीनों कैस्टर ने मिलकर एक ही दिन में कुल 79 हीट कास्ट किए। इसी क्रम में सीसी-2 कैस्टर की नाइट शिफ्ट में मयंक और उनकी टीम ने भी शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार 11 हीट कास्ट किए और व्यक्तिगत रिकॉर्ड अपने नाम किया। एक ही दिन में अलग-अलग टीमों द्वारा ऐसे कीर्तिमान स्थापित किए जाने से पूरे विभाग में जश्न और उत्साह का माहौल है।
नेतृत्व और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल
इन ऐतिहासिक सफलताओं के पीछे मजबूत टीम वर्क और कुशल नेतृत्व को मुख्य वजह माना जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि जब से रंजय सिंह ने विभाग के चीफ की कमान संभाली है, तब से एलडी-1 में रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला और तेजी से आगे बढ़ा है। कर्मचारियों का यह भी बताना है कि किसी भी उपलब्धि के अवसर पर रंजय सिंह स्वयं सीधे शॉप फ्लोर पर पहुंचकर कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हैं, जिससे कार्यबल का मनोबल ऊंचा रहता है।
अब यूनियन और प्रबंधन से प्रोत्साहन की उम्मीद
लगातार बन रहे इन रिकॉर्ड्स के बाद अब कर्मचारियों की निगाहें टाटा वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व पर टिक गई हैं। कर्मचारियों का मानना है कि जिस तरह से वे लगातार कंपनी के उत्पादन को नए आयाम पर पहुंचा रहे हैं, उस हिसाब से यूनियन को अब प्रबंधन के साथ मिलकर उनकी मेहनत और योगदान का उचित फल दिलाने के लिए पहल करनी चाहिए। कर्मचारियों को पूरी उम्मीद है कि उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए प्रबंधन की ओर से भी उन्हें उचित प्रोत्साहन और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

