डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस अब मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। शनिवार को इस नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का जोरदार स्वागत किया। सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया, राज्यसभा सांसद के प्रतिनिधि जेबी तुबिद समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रेल ओवरब्रिज और सारंडा पैसेंजर की उठी मांग
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि यह ठहराव क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने सिंहभूम क्षेत्र में रेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने का भरोसा दिया। साथ ही, मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए जल्द रेल ओवरब्रिज बनवाने की बात कही।
वहीं, विधायक जगत माझी ने कोरोना काल से पहले जैसी रेल सुविधाएं बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने सारंडा सवारी गाड़ी (सारंडा पैसेंजर) का नियमित संचालन फिर से शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि इसे बार-बार बंद किया जाना गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों के साथ नाइंसाफी है। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेता जेबी तुबिद ने केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में मनोहरपुर को कुछ और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सौगात मिलने की उम्मीद है। ट्रेन के पहली बार स्टेशन पर रुकने पर स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

