400 स्थानों पर QR कोड से पुलिस की निगरानी
हजारीबाग जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया गया है। जिले के करीब 400 महत्वपूर्ण चौक-चौराहों, संस्थानों और संवेदनशील स्थानों पर QR कोड लगाए गए हैं।
QR स्कैन से दर्ज होगी जवानों की मौजूदगी
गश्ती पर निकलने वाले पुलिस पदाधिकारी और जवान अब इन स्थानों पर पहुंचकर विशेष ऐप के जरिए QR कोड स्कैन कर अपनी मौजूदगी दर्ज करेंगे। इससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा।
अफसरों की सीधी नजर में रहेगा गश्ती दल
इस व्यवस्था के जरिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी यह मॉनिटर कर सकेंगे कि गश्ती दल अपने निर्धारित रूट और चिन्हित स्थानों तक नियमित रूप से पहुंच रहा है या नहीं। ऐप के माध्यम से गश्ती दल की लोकेशन और उपस्थिति की निगरानी की जा सकेगी।
डिजिटल पहरे से बढ़ेगी पुलिस की जवाबदेही
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य पुलिस गश्ती की निगरानी को मजबूत करना और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की मौजूदगी को और प्रभावी बनाना है। इससे हजारीबाग में पुलिस गश्ती व्यवस्था स्मार्ट, डिजिटल और जवाबदेह होगी।

