अमेरिका में मिलेगा एशियन हीरो अवार्ड, मुजफ्फरपुर सिटी SP का प्री-बोर्ड में फेल से IPS तक का सफर

Reena Sharma
2 Min Read

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के सिटी SP मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में ‘द एशियन हीरो अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 13 दिसंबर 2026 को फ्लोरिडा के टाम्पा में आयोजित सातवें वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट-2026 के दौरान दिया जाएगा। आयोजकों ने लोकसेवा, नेतृत्व और समाज कल्याण में योगदान को सम्मान का आधार बताया है।

टाम्पा में होगा सम्मान समारोह

मोहिबुल्लाह अंसारी को Sheraton Tampa Brandon Hotel में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजक संस्था ने उन्हें कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया है।

प्री-बोर्ड में खराब रहा था प्रदर्शन

सीवान निवासी मोहिबुल्लाह अंसारी के 10वीं और 12वीं के प्री-बोर्ड में प्रदर्शन खराब रहा था। पिता की नाराजगी के बाद उन्होंने पढ़ाई पर ध्यान दिया और JEE Main व Advanced पास कर 2011 में IIT दिल्ली में केमिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लिया।

Advertisement

कॉरपोरेट नौकरी छोड़ शुरू की UPSC तैयारी

IIT से बीटेक के बाद उन्होंने कॉरपोरेट नौकरी शुरू की, लेकिन जल्द ही नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी का फैसला किया। वर्ष 2015 में दिल्ली जाकर उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।

तीन असफलताओं के बाद बने IPS

लगातार तीन प्रयासों में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने तैयारी जारी रखी। वर्ष 2021 में UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 381 हासिल कर उनका IPS में चयन हुआ। वर्तमान में वे मुजफ्फरपुर के सिटी SP हैं और दिसंबर में अमेरिका में प्रस्तावित सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाना है।

Share This Article