मेदिनीनगर में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर बुधवार को बोर्ड ऑफ विजिटर और डालसा की संयुक्त टीम ने केंद्रीय कारा का निरीक्षण किया। प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों की समस्याओं की जानकारी ली।
बैरक से मेडिकल वार्ड तक जांच
टीम ने बैरक, महिला वार्ड, मुलाकाती सहायता केंद्र, मेडिकल वार्ड, किचन, स्टोर रूम, लाइब्रेरी और प्रिंटिंग प्रेस समेत अन्य विभागों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का भी आकलन किया गया।
साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा
अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। भोजन भी सरकार के निर्धारित मानक मेनू के अनुसार मिल रहा है या नहीं, इसकी जांच की गई।
हर बंदी को मुफ्त अधिवक्ता की सुविधा
प्रभारी पीडीजे राज कुमार मिश्रा ने कहा कि कोई भी बंदी बिना अधिवक्ता के नहीं रहे। डालसा की ओर से सभी को मुफ्त अधिवक्ता उपलब्ध कराया जा रहा है। समस्या होने पर जेल पीएलवी के माध्यम से डालसा को आवेदन भेजने की जानकारी भी दी गई।
महिला वार्ड में बच्चों को बांटी मिठाई
टीम ने महिला वार्ड में बंद महिला बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ आए छोटे बच्चों को बिस्किट और टॉफी दी गई। चार साल के एक बच्चे ने कविता और अंग्रेजी अल्फाबेट सुनाकर टीम का ध्यान आकर्षित किया।
पठन-पाठन और सुरक्षा व्यवस्था भी परखी
निरीक्षण के दौरान पठन-पाठन की पुस्तकें, संगीत उपकरण और अन्य व्यवस्थाएं सही हालत में मिलीं। टीम ने बंदियों के बीच किसी तरह के भेदभाव और डराने-धमकाने की स्थिति की भी जांच की तथा आवश्यक सुविधाएं मानक के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

