अपराधियों को जल्द दबोचो… गोलमुरी बैंक लूट और मरीन ड्राइव फायरिंग पर DGP की हाईलेवल बैठक, पुलिस को अल्टीमेटम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:झारखंड पुलिस मुख्यालय ने गोलमुरी केनरा बैंक डकैती और मरीन ड्राइव रेस्टोरेंट फायरिंग की सनसनीखेज वारदातों पर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित एसएसपी आवास पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले की विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर अब तक हुई पुलिस कार्रवाई का लेखा-जोखा लिया गया।
​डीजीपी ने साफ शब्दों में निर्देश दिया है कि दोनों बड़ी घटनाओं में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

बैठक की मुख्य बातें और निर्देश
​सख्त कार्रवाई और सुरागों की जोड़-तोड़: डीजीपी ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को आपस में जोड़ते हुए अपराधियों तक तेजी से पहुंचने का आदेश दिया है।
​संगठित गिरोहों पर नकेल: आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोहों की पहचान कर उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए खुफिया तंत्र (इंटेलिजेंस विंग) को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
​बैंक डकैती में इनाम और छापेमारी: गोलमुरी केनरा बैंक में हुई डकैती के दौरान करीब 43 लाख रुपये नकद और 23 किलो सोना लूटा गया था। पुलिस की कई विशेष टीमें विभिन्न राज्यों में संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर पांच संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर प्रत्येक की पुख्ता सूचना देने पर दो-दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। संभावित ठिकानों और फरार होने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
​मरीन ड्राइव फायरिंग की जांच तेज: मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट में हुई 11 राउंड फायरिंग के मामले में भी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
​त्योहारी सीजन पर विशेष सुरक्षा: आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का पूरा भरोसा कायम रहे।

Share This Article