डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : दिल्ली में आज 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन ने राष्ट्रीय राजधानी में भारी उथल-पुथल मचा दी है। प्रदर्शनकारियों के इस तेवर को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी ताकत झोंक दी है और राजधानी को एक तरह से छावनी में तब्दील कर दिया है।

सुरक्षा के कड़े पहरे और हाई-अलर्ट
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जंतर-मंतर और एनडीएमसी एरिया को पूरी तरह से किलेबंदी कर सील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 30 हजार से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है, और वाहनों को रोकने के लिए सड़कों पर कीलें तक गाड़ दी गई हैं। इसके अलावा, दिल्ली की सभी सीमाओं पर पुलिस और बीएसएफ का कड़ा पहरा है और आने-जाने वाले वाहनों की गहन चेकिंग हो रही है।
कम्युनिकेशन और ट्रांसपोर्ट पर बड़ा असर
आम जनजीवन को सामान्य रखने और सुरक्षा कारणों से कई कड़े कदम उठाए गए हैं।
जंतर-मंतर के 4 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से लेकर 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक पूरी तरह बंद रहेंगी।
एहतियात के तौर पर दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा को बंद कर दिया गया है।
दिल्ली आने-जाने वाली 150 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें सीएसएमटी-हजरत निजामुद्दीन राजधानी समेत मुंबई और इंदौर से दिल्ली आने वाली ट्रेनें शामिल हैं, जबकि मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली राजधानी जैसी ट्रेनों को 5 घंटे तक रीशेड्यूल किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी कर कई रास्तों को सुबह 6 बजे से डायवर्ट कर दिया है।
दिग्गजों और नेताओं पर पुलिस का एक्शन
प्रशासनिक सख्ती के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और बड़े नेताओं पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। टीएमसी नेता ममता बनर्जी और पार्टी के कई अन्य नेताओं को दिल्ली पुलिस ने उनके आवास के बाहर से हिरासत में ले लिया है, जिसकी जानकारी टीएमसी के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने दी। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को मुंबई से दिल्ली आते ही इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि हम अरेस्ट होने के लिए ही आए हैं, कर लो अरेस्ट! सीजेपी का यह भी दावा है कि यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके घर से और पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया है। कुल मिलाकर, जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे और राजधानी के अलग-अलग इलाकों से 1500 से अधिक सीजेपी समर्थकों व प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने डिटेन कर लिया है।

