उपायुक्त के निर्देश पर धनबाद जिले में अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। झरिया में नगर निगम के सहयोग से ड्राइव चलाई गई, जबकि पूर्वी टुंडी में पगला मोड़ से रामपुर मोड़ तक अवैध कब्जे हटाए गए।
सड़क पर अवैध निर्माण ध्वस्त
गिरिडीह और साहेबगंज को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाया गया, जिससे आवागमन में बाधा दूर हो सके।
प्रशासनिक टीम ने संभाला मोर्चा
उपायुक्त के निर्देश पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अभियान में अंचल निरीक्षक चंदन कुमार, थाना प्रभारी नीतीश कुमार, हल्का कर्मचारी मुनींद्र झा, अमीन भागवत दास और पुलिस बल मौजूद रहे।
दुर्गा पूजा में जाम से राहत का लक्ष्य
आगामी दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। यह मुद्दा शांति समिति की बैठक में भी उठाया गया था।
अवैध कब्जा करने वालों को चेतावनी
प्रशासन ने लोगों से सड़कों पर अवैध कब्जा नहीं करने की अपील की है। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए कब्जे हटाए जाएंगे।

