न सिलेंडर फटा, न वजह साफ! बोकारो में धमाके से मकान तबाह

Reena Sharma
2 Min Read

झारखंड के बोकारो स्थित सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बारी को-ऑपरेटिव में आधी रात एक घर में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट से घर की दीवारें टूट गईं और छत का मलबा बिखर गया। घटना के समय घर में लोग सो रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। हादसे में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

रात पौने तीन बजे हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब पौने तीन बजे की है। धमाका इतना जोरदार था कि घर के निचले तल्ले का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दीवारें टूटकर गिर गईं और मलबा आसपास बिखर गया। घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

घर में सो रहे पांच लोग बाल-बाल बचे

घर के मालिक अनिल कुमार झा के अनुसार, निचले तल्ले में पांच लोग सो रहे थे। उन्होंने बताया कि घर में कलश स्थापना की गई थी। धमाके के दौरान बड़ा मलबा सामने की ओर गिरा। राहत की बात रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए। हालांकि, घर अब रहने लायक नहीं बचा है।

गैस लीकेज की आशंका, सिलेंडर सुरक्षित

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि धमाका गैस पाइपलाइन या गैस लीकेज के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, गृहस्वामी के मुताबिक घर में रखे दोनों गैस सिलेंडर सुरक्षित हैं। ऐसे में विस्फोट की वास्तविक वजह को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस और तकनीकी टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। तकनीकी टीम भी विस्फोट के कारणों का पता लगाने में लगी है। फिलहाल धमाके की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि घर में इतना जोरदार विस्फोट कैसे हुआ।

Share This Article