गयाजी में दरोगा के दो बेटों पर गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी श्याम बिहारी और गौरव कुमार के पैरों में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छापेमारी के दौरान हुई मुठभेड़
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए।
महानवमी की रात हुई थी गोलीबारी
19 अक्टूबर की देर रात मानपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित नौरंगा आहार इलाके में दरोगा सुधांशु शेखर के दो बेटों पर गोली चलाई गई थी। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
छोटे बेटे की मौत, बड़ा बेटा घायल
गोलीबारी में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई थी, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आरोपियों की तलाश में जुटी थी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की थी। 21 अक्टूबर को एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। अब दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।

